समाचार और घटनाक्रम

नवीन सत्र की शुरुआत 2023

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी छात्राओं को गुरु चरण वन्दना का शुभ लाभ मिला। छात्राओं ने प्रतिभास्थली ज्ञानोदय विद्यापीठ चंद्रगिरी, डोंगरगढ़ में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के वचनामृत का पान किया। आचार्य भगवंत के तलस्पर्शीय दर्शन, भक्ति, पूजन, प्रवचन एवं आशीर्वाद को प्राप्त कर छात्राएँ उत्साह से अनुरंजित हो गईं।

महावीर जयंती 2023

सुप्रभात की बेला में प्रतिभास्थली की नन्ही-मुन्नी छात्राओं ने मधुर नारों और वीर प्रभु के जयकारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। वीर प्रभु की पूजन के पश्चात भव्य शोभायात्रा निकाली गई। महावीर भगवान की पूर्व पर्यायों से लेकर तीर्थंकर पर्याय तक की झलकियों को अपने अद्भुत कार्यक्रमों द्वारा प्रस्तुत कर वीर जयंती को यादगार बनाया। संध्या बेला में भक्ति में आरती के साथ नन्हे वीर प्रभुजी को झुलाया गया। इस प्रकार हमारी प्रतिभास्थली के बगीचे में नन्हे-मुन्ने पौधों ने आचार्यश्री जी की छांव तले वीर जयंती का पर्व मनाया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ द्वारा परामर्श

स्वस्थ तन ही स्वस्थ मन के लिए सहायक है। 09 मार्च 2023 को स्वास्थ्य को प्राथिमकता देते हुए डॉ ज्योति पाटीदार जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राकृत चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं को छात्राओं के समक्ष उजागर किया।

आजादी का अमृत महोत्सव 2023

प्रतिभास्थली में इस वर्ष “राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस” हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्राओं ने विद्यालय प्रांगण को रंगोली से सजाया। झंडे को परेड के साथ सलामी दी। अतिथि गण एवं समस्त शिक्षिकाओं के समक्ष छात्राओं ने देश के प्रति सद्भावना प्रकट करते हुए परेड, पीटी, गीत, कविता एवं रंगारंग कार्यक्रम के प्रस्तुत किये।

वार्षिक महोत्सव 2022

प्रतिभास्थली का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योगमय मंगलाचरण से की गई। नाटक के द्वारा हिंदी भाषा के महत्त्व को इतिहास से लेकर भविष्य की संभावनाओं के साथ भली भांति उजागर किया गया। साथ ही आर्केस्ट्रा, मंच संचालन एवं हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं की प्रतिभाएँ उद्घाटित हुईं । मुख्य अतिथि के रुप में श्रीमान आकाश जी जैन (उप अभियंता, नगर निगम, इंदौर) एवं डॉ. देशराज जैन (डीन डेंटल कॉलेज, इंदौर) ने सम्मिलित होकर कार्यक्रम के गौरव को बढ़ाते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

खुशियों से भरा दीपावली त्योहार

दीपावली अवकाश से पूर्व दिनांक 21अक्टूबर 2022 को छात्राओं को दीपावली पर्व के महत्व से अवगत कराया गया। छात्राओं ने भगवान महावीर स्वामी को निर्वाण लाडू समर्पित कर दीप जलाए, मिठाईयाँ बनाईं, सुंदर रंगोली द्वारा प्रांगणको सजाकर उत्साह पूर्वक दीपावली पर्व मनाया।

अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड 23-11-22

प्रतिभास्थली में आज हिंदी उत्कर्ष मंडल, दिल्ली द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ओलंपियाड का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 4थीं से 10वीं की कुल 146 छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

पूर्णमति माताजी की चरण सन्निधी

छात्राओं ने 13 अक्टूबर 2022 को आर्यिका माँ 105 पूर्णमति माताजी की भव्य आगवानी पर मोहक प्रस्तुतियों के साथ उत्साह प्रदर्शित किया। माता जी की अपूर्व चर्या, प्रेरणास्पद उपदेशों एवं संध्या कालीन बेला में प्रश्नों के समाधान से छात्राओं के हृदय कमल को अनुरंजित किया।